Saturday, 21 April 2018

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने बताया, देश में इसलिए हुई कैश की किल्लत

नई दिल्ली : कर्नाटक में आयकर विभाग ने कुल 4.13 करोड़ रुपये की बरामदगी की है. इसमें से 97 प्रतिशत राशि 2,000 और 500 रुपये के नोटों के तौर पर है. राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं. यह जानकारी उस वक्त सामने आई है कि जब हाल ही में देश में कई स्थानों पर नकदी का संकट सामने आया था. कई स्थानों पर एटीएम में पैसे नहीं थे. केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने हाल ही में अपनी जांच इकाइयों से कहा था कि वे इन गतिविधियों पर नजर रखें. कनार्टक में इस कदम के नतीजे सामने आए हैं. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने उम्मीद जताई कि नकदी कर्नाटक भेजी जा रही है.

4.42 किलोग्राम सोना भी बरामद
विभाग ने कहा, ‘चुनाव प्रक्रिया अभी शुरू हुई है और ऐसे में बेंगलुरू में विभाग की जांच शाखा ने 4.13 करोड़ रुपये की नकदी और 4.42 किलोग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं.’ उसने कहा, ‘इन बरामदगी का सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि ज्यादातर नकदी 2,000 और 500 रुपये के नोटों के रूप में बरामद किए गए.’ बीते 27 मार्च को राज्य में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने के बाद से ये बरामदगी की गई है. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में नकदी की कमी की खबरें हैं, ऐसे में यही लगता है कि नकदी कनार्टक में भेजी जा रही है. कर्नाटक में 12 मई को मतदान होगा.

दावा, 90 फीसदी एटीएम में कैश मौजूद
भारतीय प्रतिभूति मुद्रण और मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड (एसपीएमसीआईएल) के चारों छपाईखाने औसतन 18 से 19 घंटे काम करते हैं. लेकिन, नकदी की अचानक बढ़ी मांग और एटीएम मशीनों में नकदी खाली होने से यह छपाईखाने हफ्ते के सातों दिन और 24 घंटे काम कर रहे हैं. कैश की किल्लत के बीच सरकार पहले ही दावा कर चुकी है कि देश के ज्यादातर हिस्सों में एटीएम काम कर रहे हैं और उनमें कैश भी उपलब्ध है. वित्त मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, नॉर्थ ईस्ट, ओडिशा, तमिलनाडु के 90 फीसदी एटीएम में कैश मौजूद है.

Source:-Zeenews

View More About Our Services:-Mobile Database number Provider and Digital Marketing 

No comments:

Post a Comment